शराब की होम डिलीवरी संबंधी पर्चे बांटने का आरोपी धरा

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर में शराब की होम डिलीवरी के प्रचार संबंधी पर्चे बांटने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विश्वविद्यालय क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की आपूर्ति करने और अपने कारोबार का विस्तार करने के उद्देश्य से पर्चों के जरिए प्रचार-प्रसार करने का आरोप है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत के अनुसार, हाल ही में विश्वविद्यालय के छात्रावासों और आवासीय कॉलोनियों में समाचार पत्रों के भीतर कुछ पर्चे रखकर वितरित किए गए थे। इन पर्चों में “फास्ट डिलीवरी” और “एन्जॉय ए ड्रिंक एट द कंफर्ट एंड सेफ्टी ऑफ योर होम, वी आर जस्ट ए कॉल अवे” जैसे संदेश लिखे थे, जिनमें घर तक शराब पहुंचाने की पेशकश की गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान ग्राम टैगोर नगर, शक्ति फार्म, सितारगंज निवासी देवाशीष विश्वास का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, वह अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की सप्लाई करता था और विश्वविद्यालय परिसर में भी गोपनीय तरीके से शराब पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें