हल्द्वानी में हादसा: डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत, युवती गंभीर घायल

खबरों की दुनिया, हल्दूचौड़

लालकुआं-काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शनिवार सुबह बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के पास डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 30 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्णा नंद कांडपाल सुबह करीब 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। उनके साथ 25 वर्षीय नेहा कांडपाल, जो अशोक लीलैंड कंपनी में कार्यरत हैं, लिफ्ट लेकर बैठी थी। जैसे ही दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे और आगे चल रहे डंपर (यूके 01-सीए 3035) को ओवरटेक करने का प्रयास किया, स्कूटी अनियंत्रित होकर डंपर के नीचे आ गई। हादसे में कार्तिक का सिर डंपर के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेहा को गंभीर सिर की चोट लगी।

मौके पर हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज शंकर नयाल और पुलिस टीम पहुंचे। घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक के शव को 108 एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले जाया गया। कार्तिक कांडपाल अपने परिवार का इकलौता सहारा थे और उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, और मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने डंपर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें