टशनबाजी के चक्कर में तमंचा लहराने वाला युवक गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर डालता था वीडियो

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर

रुद्रपुर की कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में दहशत फैलाने और अवैध हथियार का प्रदर्शन करने वाले एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शांति कॉलोनी निवासी अंकुश उर्फ अंकित शर्मा के रूप में हुई है।

कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि 21 मार्च की शाम रंपुरा चौकी प्रभारी धीरज टम्टा पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान किच्छा हाईवे पर सूचना मिली कि एफएसएल मार्ग पर एक युवक राहगीरों को तमंचा दिखाकर डरा रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में युवक ने कुबूल किया कि उसने नानकमत्ता मेले में अपने एक दोस्त से ₹6,000 में यह तमंचा खरीदा था। जांच में सामने आया कि आरोपी अक्सर चर्चा में रहने के लिए सार्वजनिक स्थानों और शादी समारोहों में तमंचा लहराता था। उसने हथियारों के साथ डांस करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड किए थे। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें