खबरों की दुनिया, भीमताल
नैनीताल जनपद के ओखलकांडा ब्लॉक में गुलदार के हमले से एक महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद जहां पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं लोगों में वन विभाग के खिलाफ काफी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओखलकांडा ब्लॉक के चमोली गांव के कीटोड़ा तोक निवासी रेखा देवी (पत्नी पान सिंह) गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिलाओं ने शोर मचाया और रेखा देवी के चीखने-चिल्लाने के बावजूद गुलदार ने उन्हें नहीं छोड़ा।
गुलदार महिला को करीब दो किलोमीटर तक जंगल के भीतर घसीट ले गया। हमले में रेखा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद ग्रामीणों और वन विभाग की टीम को महिला का शव जंगल के अंदर से बरामद हुआ।
घटना के बाद गांव में जहां मातम पसरा हुआ है वहीं ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति काफी आक्रोश है। मृतका के स्वजन गहरे सदमे में हैं। क्षेत्र में लगातार हो रहे गुलदार हमलों को लेकर ग्रामीणों के मन में भय का माहौल है। जिससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी कई बार गुलदार की गतिविधियों की सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सूचना मिलने पर भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, वन विभाग के अधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान विधायक रामसिंह कैड़ा ने अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि या तो गुलदारों को जल्द पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए या फिर इन्हें मारने की कार्रवाई की जाए। वन विभाग की टीम ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था, नियमित गश्त और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। मालूम हो कि 4 दिन पहले भी नैनीताल जिले के धारी तहसील क्षेत्र के तल्ली दीनी गांव में 35 वर्षीय हेमा देवी पत्नी गोपाल सिंह को तेंदुए ने अपना निवाला बना दिया था। चार दिनों के भीतर भीमताल विधान सभा में तेंदुए द्वारा दो महिलाओं को निवाला बना देने से पूरी विधान सभा में भय का माहौल और लोगों में आक्रोश है।



