
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
मुखानी थाना क्षेत्र में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना गांधी आश्रम, पीपल पोखरा नंबर एक के पास की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से धुआं उठता देख चालक ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत वाहन रोक दिया और चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई। कार चालक की पहचान करन नेगी के रूप में हुई है, जो इस हादसे में सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर फायर स्टेशन अधिकारी (एफएसओ) मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में दमकल की टीम को मौके पर भेजा गया, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड वहां पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए। वहीं, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच की जा रही है। किसी प्रकार की जनहानि न होना राहत की बात रही, हालांकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा और लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





