गंभीर रूप से घायल कर्मचारी की काटनी पड़ी एक टांग, हालत स्थिर

सूर्या फैक्ट्री में हाइड्रोजन गैस सिलेंडर फटने का है मामला

-पांच घायलों का स्वास्थ्य हुआ ठीक, अस्पताल ने छुट्टी कर घर भेजा

-सात घायलों का अब भी चल रहा अस्पताल में इलाज

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

सूर्या रोशनी फैक्ट्री में हाइड्रोजन गैस सिलेंडर फटने से घायल हुए 12 लोगों में से पांच घायलों की स्थिति में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जबकि सात घायलों का अब भी इलाज चल रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल कर्मचारी की एक टांग काटनी पड़ी है। वहीं हादसे में मृतक श्यामू यादव का शव  स्वजनों को सौंप दिया। यहां नम आंखों से मृतक के पिता हरिपाल सिंह अपने पुत्र के शव को अपने साथ गांव ले गए। कंपनी की ओर से एंबुलेंस के माध्यम से शव सीतापुर भेजा गया।

श्यामू यादव के परिजनों को सांत्वना स्वरूप सूर्या रोशनी लिमिटेड के एचआर हेड संजीव कुमार द्वारा पांच लाख की मुआवजा राशि का चेक नगर निगम महापौर दीपक बाली के माध्यम से मृतक के पिता हरिपाल सिंह को सौंपा गया। इस दौरान बताया गया कि मृतक को और आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा, जो इस धनराशि से अलग होगा। साथ ही मृतक की पत्नी को प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये पेंशन भी दी जाएगी।बता दें कि गुरुवार की सुबह मुरादाबाद रोड़ स्थित सूर्या फैक्ट्री में हाइड्रोजन गैस सिलेंडर फटने से तेज विस्फोट हो गया था। जिसमें यूपी सीतापुर निवासी श्यामू यादव पुत्र हरिपाल सिंह की मौत हो गई थी। वहीं 12 कर्मचारी घायल हो गए थे। जिन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनमें से एक गंभीर रूप से घायल रोहित पुत्र कलुवा को आईसीयू में रखा गया था। धमाके से उसकी एक टांग के चिथड़े उड़ गए थे। वहीं अन्य घायलों को वार्ड में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया। शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती पांच घायल पूनम, रीता, आलोक, रोहितास और अंकित को चेकअप के बाद छुट्टी दे दी गई है। डॉ. विकास गहलोत ने बताया कि अन्य घायलों का इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल रोहित की एक टांग ऑपरेशन कर काटनी पड़ी। बताया कि उसकी हालत स्थिर है लेकिन अभी भी उसे आईसीयू में रखा गया है। वहीं शुक्रवार को विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा निजी अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलने पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती घायलों से बातचीत कर उनका हाल जाना।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें