खबरों की दुनिया, सितारगंज
शक्तिफार्म पुलिस ने 11.80 ग्राम हेरोइन के साथ महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 5700 रुपये की नकदी बरामद की है। वहीं, मामले में पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की है।
शुक्रवार को एसआई प्रकाश भट्ट ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के बाबत वह अपनी टीम के साथ गांव पिपलिया में रात्रि गश्त पर थे। तभी वहां स्थित एक मकान में एक महिला के साथ कुछ लोग खड़े होकर बातचीत करते हुए दिखाई दिए।बताया कि जैसे ही उन्होंने पुलिस को आते हुए देखा सभी लोग मौके से फरार हो गए। संदिग्ध प्रतीत होने पर एसआई बबीता टम्टा ने महिला की तलाशी ली। गांव पिपलिया निवासी सीमा कौर (20) के पास से 11.80 ग्राम हेरोइन के साथ 5700 रुपये बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि एक साल पहले पिपलिया निवासी प्रकाश सिंह से उसका विवाह हुआ है। वह गांव में दुकान चला परिवार का भरण-पोषण करती है। बताया कि वह पिछले दो महीनों से हेरोइन बेच रही है। उसका पति ही उसे हेरोइन लाकर देता है। यहां जो लोग खड़े थे। वह नशा खरीदने आए थे। वहीं, मामले में पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।




