बनभूलपुरा में बर्खास्त कर्मचारी के घर से असलहे व कारतूस बरामद

ऑपरेशन क्रेक डाउन के तहत कार्रवाई

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

जिले के संवेदनशील क्षेत्र बनभूलपुरा में चल रहे ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बर्खास्त कर्मचारी के घर से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने 60 वर्षीय मोबिन खान को गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में सघन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि गौजाजाली उत्तर क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध हथियार रखे हुए है और परिजनों को धमकाता है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आयशा मस्जिद के पास स्थित आरोपी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक 315 बोर तमंचा और दो कारतूस, एक 12 बोर तमंचा और चार कारतूस, एक 7.62 बोर कारतूस (जो एके-47 में प्रयुक्त होता है) तथा एक डिब्बे में रखे दस कारतूस 7.65 बोर बरामद किए। कुल मिलाकर दो तमंचे और 17 जिंदा कारतूस जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 3/25 और 7/25(1-क) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में सजायाफ्ता रह चुका है और वर्तमान में उच्च न्यायालय में अपील पर जमानत पर है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि बरामद हथियारों के स्रोत और उनके संभावित उपयोग की जांच की जा रही है। पुलिस की तकनीकी टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें