फेसबुक पर अंजान महिला की फ्रैंड रिक्वेस्ट स्वीकार करना पड़ा भारी, 20 लाख रुपये ठगे

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
एक महिला ने असहाय बनकर एक व्यक्ति को फेसबुक के माध्यम से ट्रेडिंग के बिजनेस में मोटे मुनाफे का झांसा दिया और व्हाट्सएप पर एक ग्रुप से जोड़ लिया। शुरुआती ट्रेडिंग में मुनाफा खाते में आया और युवक फंस गया। उसने थोड़े-थोड़े कर लगभग 19 लाख रुपये गवां दिए।
गैस गोदाम रोड सूर्या विहार मुखानी निवासी महेंद्र प्रताप सिंह पुत्र स्व.डीएस जलाल की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। महेंद्र के मुताबिक, कुछ समय पहले फेसबुक पर अज्ञात महिला ने उन्हें फ्रैंड रिक्वेस्ट भेजी, जो उन्होंने स्वीकार कर ली। जिसके बाद महिला ने फेसबुक मैसेंजर पर महेंद्र को मैसेज भेजने शुरू किए। महिला ने महेंद्र से शेयर मार्केट मे ट्रेडिंग के लिए कहा। मना करने पर उसने अपनी गरीब का हवाला दिया और कहा, आपकी ट्रेडिंग से उसे कुछ प्वाइंट मिल जाएंगे, जिससे उसे भी फायदा होगा। 24 अगस्त को महेंद्र को व्हाट्सएप कॉल की गई, कॉलर ने अपना नाम विधि बताया और एक वाटसप ग्रुप लूनो टीम में जोड़ दिया। 27 अगस्त को महेंद्र ने 10 हजार रुपये की ट्रेडिंग की और उन्हें 12019 का रिटर्न मिला। 29 अगस्त को 15 हजार लगाए और बदले में 19,495 रुपये का रिटर्न मिला। महेंद्र को अब एक दूसरे व्हाट्सएप ग्रुप मे जोड़ा गया। इसके बाद महेंद्र ने 50 हजार, 10 हजार, 10 हजार रुपये लगाए। महेंद्र को साढ़े पांच लाख लगाने को कहा गया। उन्होंने लगाए और मुनाफा 7 लाख रुपये दिखने लगा। उन्होंने फिर 5,43,530 लगाए और ऐसा करते हुए उन्होंने 18,99,334 लाख रुपए लगा दिए। उन्होंने जब पैसा खाते में मांगा तो उनसे कुल रकम का 30 प्रतिशत जमा करने को कहा गया। उन्होंने यह भी जमा कर दिया। उनसे एक हफ्ते तक और ट्रेडिंग के लिए कहा। तब उन्हें शक हुआ और वह शिकायत लेकर मुखानी पुलिस के पास पहुंचे। मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर साइबर पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया गया है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें